दायित्वधारी भाजपा नेता समेत 7 पर मुकदमा दर्ज, टाउनशिप कब्जाने और धमकी देने के आरोप

बहादराबाद। थाना बहादराबाद क्षेत्र में एक टाउनशिप प्रोजेक्ट पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने सत्ताधारी भाजपा के एक दायित्वधारी नेता समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि हाल ही में आरोपित भाजपा नेता मुकेश रोड को सरकार की ओर से सहकारी समिति लिमिटेड में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

पीड़ित पक्ष की ओर से पंकज निवासी गाजियाबाद, अमित ढींगरा और प्रदीप ढींगरा निवासी दिल्ली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी “एस हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड” लंबे समय से रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के क्षेत्र में कार्यरत है। आरोप है कि वर्ष 2013 में राकेश नागपाल ने बढ़ेड़ी राजपूताना, बहादराबाद में टाउनशिप निर्माण के लिए उनके साथ ज्वाइंट वेंचर का प्रस्ताव रखा था। इसके तहत 29 जनवरी 2014 और 6 अगस्त 2016 को दो एमओयू निष्पादित किए गए तथा “एस आनन्दिका हाइट्स” नाम से प्रोजेक्ट पर निर्माण कार्य शुरू किया गया।

तहरीर में कहा गया है कि वर्ष 2022 में राकेश नागपाल के निधन के बाद उनकी पत्नी विम्मी नागपाल, पुत्री आनन्दिका नागपाल और पुत्र करण नागपाल ने ज्वाइंट वेंचर से जुड़े तथ्यों और भूमि स्वामित्व की जानकारी छिपाकर प्रोजेक्ट पर अपना दावा जताने का प्रयास किया। आरोप है कि 30 मार्च 2025 को फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की गई।

पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि 6 फरवरी 2026 को विम्मी नागपाल, आनन्दिका नागपाल, करण नागपाल और उनके सहयोगियों ने प्रोजेक्ट पर मौजूद स्टाफ के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने का दावा भी किया गया है।

मामले में विम्मी नागपाल, आनन्दिका नागपाल, करण नागपाल, उमाकांत सैनी, एकलव्य सैनी, मुकेश रोड और संजय शर्मा को नामजद किया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की मांग भी की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ितों की लिखित तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!