हरिद्वार। जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गोकशी जैसे गंभीर अपराधों में लगातार संलिप्त दो शातिर अपराधियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस की निगरानी के बावजूद वे लगातार अवैध गतिविधियों में सक्रिय थे।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने ग्राम सफरपुर निवासी दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि दोनों आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से गोकशी के अपराध में लिप्त थे और आपराधिक गिरोह बनाकर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव ने पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने लगातार मुखबिर तंत्र और निगरानी के माध्यम से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। वहीं, एसएसआई दीप गौड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी लगातार अभियान चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी:-
सुभान पुत्र घसीटा
अब्बास पुत्र अल्लादिया
निवासीगण ग्राम सफरपुर, कोतवाली गंगनहर, जनपद हरिद्वार
पुलिस टीम:-
प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव
उपनिरीक्षक मनीष कवि
कांस्टेबल राहुल
कांस्टेबल अर्जुन
