हरिद्वार। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में गुरुवार को कांग्रेस विधायक काज़ी निजामुद्दीन का औचक निरीक्षण स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोल गया। अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं और लापरवाही को देखकर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। निरीक्षण के दौरान एक मरीज जमीन पर पड़ा मिला, जबकि उसकी सुध लेने वाला कोई मौजूद नहीं था। यह दृश्य देखकर विधायक आगबबूला हो गए और मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मरीज को तत्काल उपचार दिलाने के लिए स्ट्रेचर मंगवाया, लेकिन जब स्ट्रेचर पहुंचा तो उस पर जमी भारी धूल ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। विधायक ने इसे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का जीता-जागता उदाहरण बताते हुए अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।

मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए विधायक काज़ी निजामुद्दीन खुद मरीज को गोद में उठाकर अपनी गाड़ी तक ले गए और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। विधायक ने मौके से ही स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को फोन कर कड़ी नाराजगी जाहिर की और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। विधायक के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। निरीक्षण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अस्पताल की बदहाल स्थिति साफ दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में भी स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
