हरिद्वार। विधानसभा ज्वालापुर में सक्रिय भाजपा नेता अमित कुमार बिट्टू ने कांग्रेस विधायक रवि बहादुर द्वारा ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने विधायक के आरोपों को निराधार, भ्रामक और राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि कांग्रेस युवाओं के नाम पर भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
अमित कुमार बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल माफिया के खिलाफ देश के सबसे सख्त कानूनों में से एक लागू किया है। इस कानून के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सीधे सरकार तक पहुंचाना तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। ऐसे सकारात्मक कार्यक्रमों पर भी राजनीतिक बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा नेता ने कहा कि उत्तराखंड का युवा अब केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, पारदर्शिता, रोजगार और सुशासन चाहता है। भाजपा सरकार इन्हीं संकल्पों के साथ लगातार कार्य कर रही है और युवाओं के हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
अमित कुमार बिट्टू ने कांग्रेस से युवाओं को गुमराह करने के बजाय सकारात्मक राजनीति करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को रचनात्मक सहयोग देना चाहिए।
