शिव भक्तों की सेवा में जुटी मां भगवती जन सेवा समिति 9 अगस्त तक चलेगा सेवा शिविर

हरिद्वार, 3 अगस्त। श्रावण मास के अवसर पर बहादराबाद स्थित लोहा पुल के समीप माँ भगवती जन सेवा समिति की ओर से विशाल कांवड़ सेवा शिविर एवं भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में हरिद्वार और नीलकंठ से जल लेकर लौट रहे शिव भक्तों के लिए निःशुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल, फल, चाय, विश्राम तथा प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। समिति के उपाध्यक्ष तुलसी राम शर्मा ने बताया कि सेवा शिविर 9 अगस्त तक लगातार संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिव भक्तों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस सेवा कार्य को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, युवाओं, ग्रामवासियों एवं कॉलोनीवासियों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। इस दौरान क्षेत्र के प्रधान मोहित चौहान ने शिविर पहुंचकर भंडारे में सेवा देकर सहयोग किया। समिति के पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही इस प्रकार के सेवा कार्य सफल होते हैं।

समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सेवा शिविर में पहुंचकर कांवड़ियों की सेवा में सहयोग करने की अपील की। उनका कहना है कि शिव भक्तों की सेवा ही भगवान शिव की सच्ची आराधना है।समिति के अध्यक्ष ज्ञानेश उपाध्याय के नेतृत्व में संचालित इस सेवा अभियान में सचिव सतीश कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष शिव कुमार शर्मा, कांवड़ अध्यक्ष विनोद कुमार, कांवड़ कोषाध्यक्ष अनिल कुमार एवं सुभाष, मीडिया प्रभारी संतोष पांडे सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और क्षेत्रवासी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!