छह वर्षीय मासूम के गायब होने से मचा हड़कंप, परिचित युवक पर अपहरण की आशंका

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्चे के अचानक गायब होने का मामला सामने आने से इलाके में चिंता का माहौल है। बच्चे के नाना ने एक परिचित व्यक्ति पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार वन जंगल चंडीघाट निवासी भूरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका नाती इनायत पिछले करीब एक महीने से लापता है। बच्चे की देखभाल वह खुद कर रहा था। परिवार और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश करने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया। पीड़ित का कहना है कि 11 मई को उसकी मुलाकात सिद्ध स्रोत गाजीवाली निवासी गुलाम रसूल उर्फ पाई से हुई, जो पहले उनके घर आता-जाता था। जब उससे बच्चे के बारे में पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। साथ ही बच्चे की तलाश जारी रखने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। भूरा ने पुलिस को बताया कि उसे आशंका है कि उसके नाती को अगवा किया गया है और आरोपी मामले की जानकारी छिपा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्यामपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!