हरिद्वार। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बकाया राजस्व की वसूली को लेकर ऊर्जा निगम ने सख्ती तेज कर दी है। मंगलवार को जगजीतपुर उपखंड अधिकारी अमित तोमर के नेतृत्व में ऊर्जा निगम की टीम ने ग्राम इक्कड़ और कटारपुर में छापेमारी कर 10 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। बिजली चोरी के मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अभियान के दौरान टीम ने बकाया बिल जमा नहीं करने वाले 25 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन भी काटे। इसके साथ ही 2.75 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा रहा। वहीं, अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और बकाया बिलों की वसूली के लिए भी अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान जेई वरुण प्रताप पंवार सहित ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
