एसपी सिटी दीपक सिंह ने ज्वालापुर कोतवाली का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार। पुलिस अधीक्षक नगर दीपक सिंह ने गुरुवार को ज्वालापुर कोतवाली का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, बैरक, शस्त्रागार और विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अभिलेख व्यवस्थित रखने के साथ अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत गार्द की सलामी के साथ हुई। इसके बाद एसपी सिटी दीपक सिंह ने कार्यालय में अपराध रजिस्टर, जनरल डायरी (जीडी), मालखाना रजिस्टर, शस्त्र एवं कारतूस से संबंधित अभिलेख, त्योहार रजिस्टर और बीट से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और उन्हें व्यवस्थित तरीके से संधारित करने के निर्देश दिए।

एसपी सिटी ने थाना क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने पर जोर दिया। उन्होंने वांछित और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के साथ रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए।

आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। साथ ही आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को पुलिस से संबंधित समस्याओं के समाधान में परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं की जानकारी भी ली और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग के साथ काम करने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान सीओ संजय चौहान, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी, एएसआई हर्ष अरोड़ा, चौक बाजार चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान और रेल चौकी प्रभारी विपिन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!