हरिद्वार। बिजली बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए ज्वालापुर डिवीजन क्षेत्र में राजस्व वसूली का अभियान युद्धस्तर पर तेज कर दिया है। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार स्वयं अभियान की कमान संभालते हुए मैदान में उतर गए हैं।

विभागीय टीम द्वारा शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए करीब दो सो बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे और मौके पर ही करीब 30 लाख से अधिक राजस्व वसूली भी की। मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर जनपदभर में ऊर्जा विभाग द्वारा बकायदारों के खिलाफ अभियान छेड़ा हुआ है।

शुक्रवार को अधिशासी अभियंता रवि कुमार बहादराबाद क्षेत्र के ग्राम बुड्ढाहेड़ी-कासमपुर स्थित विभागीय कैंप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल समय पर जमा करने के लिए जागरूक किया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जेई वरुण पंवार व जेई सुमित त्यागी भी मौजूद रहे।

अभियान के तहत अलग-अलग सब डिवीजन क्षेत्रों में विभागीय टीमों ने व्यापक कार्रवाई की। एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी के नेतृत्व में जेई अक्षय कुमार और जेई दीप्ति चौहान की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी करते हुए 55 से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे। इस दौरान करीब 11 लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की गई।

वहीं उपखंड द्वितीय क्षेत्र में एसडीओ अर्चना के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में करीब 90 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए और दस लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई।

इसके अलावा बहादराबाद क्षेत्र में एसडीओ अक्षय कपिल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ग्राम सलेमपुर मेहदूद 40 से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटते हुए लगभग छह लाख रुपये की राजस्व वसूली की। साथ ही उप खंड जगजीत क्षेत्र में भी एसडीओ रुपेश कुमार के नेतृत्व में कनेक्शन काटे गए एवं राजस्व की वसूली भी की गई।

वहीं, अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने कहा कि मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देशन में राजस्व वसूली अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिल समय से जमा करें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके। कहा कि बकाया बिल न चुकाने वालों के खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी।
