हिल बाईपास पर भीषण सड़क हादसा: रेलवे कर्मचारी की मौत, तीन घायल

हरिद्वार। नगर कोतवाली के पुराने औद्योगिक क्षेत्र में हिल बाईपास मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मारुति ट्रू वैल्यू स्टोर के पास एक मोटरसाइकिल और स्कूटी की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार रेलवे के एक कर्मचारी की जान चली गई, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतक की पहचान मोनित निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मोनित वर्तमान में ज्वालापुर में रह रहे थे और रेलवे स्टेशन पर टेकनीशियन के पद पर तैनात था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।हादसे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मोनित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक सवार घायलों की पहचान प्रदीप उर्फ भास्कर और अंतरिक्ष दोनों निवासी टिबड़ी, रानीपुर तथा राहुल निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है।हालत बिगड़ने पर राहुल और अंतरिक्ष को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है, जबकि प्रदीप का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!