उधमसिंहनगर। ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस ने एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जनपद के सभी पुलिस कार्यालयों और इकाइयों में तत्काल प्रभाव से “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी” लागू कर दी है। प्रधानमंत्री की ईंधन बचत अपील को आधार बनाकर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य सरकारी संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग, अनावश्यक ईंधन खर्च पर रोक और आमजन को जागरूक करना है।

नई व्यवस्था के तहत अब प्रत्येक शनिवार को पुलिस विभाग में “नो व्हीकल डे” मनाया जाएगा। इस दिन पुलिस अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय आने-जाने के लिए निजी या सरकारी वाहनों का उपयोग नहीं करेंगे। एसएसपी ने थाना स्तर की अपराध समीक्षा बैठकों, गोष्ठियों और अन्य बैठकों को अधिकतम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अनावश्यक वाहन संचालन कम हो और ईंधन की बचत सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही दिन और रात की गश्त में पैदल गश्त को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए हैं। चीता मोबाइल और अन्य गश्ती वाहन एक स्थान पर रुककर आसपास के क्षेत्र में पैदल गश्त करेंगे, जिससे पुलिस की सक्रियता बढ़ने के साथ ईंधन की खपत भी कम होगी। वीआईपी ड्यूटी, परेड और अन्य कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान कार पूलिंग अपनाने तथा बस, टैक्सी और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के उपयोग पर भी जोर दिया गया है। वहीं थाना और 112 वाहनों के अनावश्यक संचालन पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक जरूरत नहीं बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है।
