पिल्ला गैंग के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान, कांवड़िये पर गोली चलाने वाला शूटर सत्यम गिरफ्तार

हरिद्वार। कांवड़िये पर फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले ‘पिल्ला गैंग’ के एक और शूटर को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले में अब तक गैंग में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वही, गिरफ्तार शूटर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

पुलिस के अनुसार, गत एक जून को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों और कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने फायरिंग, मारपीट और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। फायरिंग की इस घटना में एक कांवड़िया घायल हो गया था। मामले में कनखल कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कनखल पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया।

प्रभारी निरीक्षक कनखल देवेंद्र सिंह रावत व एसएसआई अनुज सिंह के नेतृत्व में जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में सादे कपड़ों में विशेष पुलिस टीमें तैनात की गई। इसी दौरान पुलिस टीम ने पिल्ला गैंग से जुड़े सत्यम जाट पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक सत्यम ही घटना के दौरान फायरिंग करने वालों में शामिल था। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस टीम:-

1. उप निरीक्षक महिपाल सैनी

2. हे. का. जितेंद्र कुमार

3. का. संजू सैनी

4. का. उमेद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!