दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी पर जा रहे प्रशिक्षु डॉक्टर की मौत

बहादराबाद। दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार डॉक्टर को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में युवा डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला डॉक्टर बाल-बाल बच गईं, हालांकि वह गहरे सदमे में हैं। हादसे के बाद से आरोपी वाहन चालक फरार है।

मूल रूप से बिहार के रहने वाले 25 वर्षीय डॉ. ऋतुराज रुड़की की मदरहुड यूनिवर्सिटी से बीएमएएस (BMAS) की पढ़ाई कर रहे थे। इन दिनों वह बहादराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में छह महीने की इंटर्नशिप पर तैनात थे। बुधवार रात जब वह अपनी साथी महिला डॉक्टर डॉ. दिव्या के साथ स्कूटी से अस्पताल की ओर जा रहे थे, तभी दिल्ली नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि डॉ. ऋतुराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीएचसी प्रभारी डॉ. आरती सिंह ने बताया कि डॉ. ऋतुराज एक होनहार डॉक्टर थे। इस दुखद घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र और अस्पताल स्टाफ में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए राजमार्ग पर बढ़ती रफ्तार पर चिंता जाहिर की है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!