हरिद्वार। जनपद हरिद्वार को एक सक्षम और परिणामोन्मुखी प्रशासनिक अधिकारी के रूप में नई ऊर्जा मिली है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के पद पर स्थानांतरित हुए वैभव गुप्ता (पीसीएस) ने सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से शिष्टाचार भेंट कर अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
वैभव गुप्ता ने औपचारिक रूप से अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत करते हुए जिम्मेदारी संभाली। इससे पूर्व वे शहरी विकास विभाग में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत रहे, जहां उनकी कार्यशैली, पारदर्शिता और समयबद्ध निर्णय लेने की क्षमता को व्यापक सराहना मिली।
अपने स्पष्ट और सख्त प्रशासनिक दृष्टिकोण के लिए पहचाने जाने वाले वैभव गुप्ता ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी प्राथमिकताएं भी साफ कर दी हैं। उन्होंने कहा कि लंबित राजस्व वादों का त्वरित निस्तारण, दैवीय आपदाओं से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई और राजस्व वसूली को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
प्रशासनिक हलकों में वैभव गुप्ता की छवि एक ऐसे अधिकारी की है जो जमीनी स्तर पर काम करने और समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालने में विश्वास रखते हैं। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही साफ झलकती है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि हरिद्वार में राजस्व और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और मजबूती मिलेगी।
जनपद में उनके आगमन से अधिकारियों और कर्मचारियों में भी नई सक्रियता देखने को मिल रही है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण होगा और आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलेंगी।
