देहरादून। जनपद के डाकपत्थर क्षेत्र में बुधवार को एक अज्ञात महिला द्वारा शक्ति नहर में छलांग लगाने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार को करीब 12:15 बजे डाकपत्थर चौकी से सूचना मिली कि झूला पुल के पास एक महिला नहर में कूद गई है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ टीम अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय पुलिस और मौजूद लोगों के सहयोग से संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद महिला को मूर्छित (बेहोश) अवस्था में नहर से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
