एक रात, दो मौतें, एक ने की आत्महत्या और दूसरे की सड़क हादसे में गई जान

हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। एक ओर जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं दूसरी ओर सड़क हादसे में स्कूटी सवार किशोर की जान चली गई। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

पहली घटना में सिडकुल थाना क्षेत्र के हरिद्वार ग्रीन में रहने वाले साहिल कुमार (25) पुत्र राजेंद्र कुमार ने अपने कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। शुक्रवार की आधी रात परिजन उसे मृत अवस्था में मेट्रो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने बताया कि साहिल कुछ समय पहले अपनी मां के साथ लखनऊ से यहां आया था और बड़े भाई के साथ रहता था। वह लंबे समय से बीमार भी चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

दूसरी घटना में शुक्रवार रात लगभग साढ़े आठ बजे गुर्जर बस्ती निवासी खुर्शीद (18) पुत्र बसीर स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल खुर्शीद को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एसओ मनोज शर्मा ने बताया कि कंटेनर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!