हरिद्वार। जनपद के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस लाइन में जिले के सभी बड़े पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ पहली बैठक की। इस मुलाकात में उन्होंने साफ कर दिया कि पुलिस का काम केवल फाइलें भरना नहीं बल्कि जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि हर थाना प्रभारी एसओ/एसएचओ अपने थाने में जनता से मिलने का एक समय फिक्स करें। अगर प्रभारी किसी जरूरी काम से बाहर हैं तो वह अपनी जिम्मेदारी किसी दूसरे जिम्मेदार अफसर को सौंप कर जाएं। उन्होंने कहा फरियादी को थाने के चक्कर न काटने पड़ें वापसी पर अधिकारी खुद शिकायतों की जांच करें कि उन पर क्या कार्रवाई हुई।

जिले में बढ़ते नशे के जाल पर एसएसपी बेहद सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि पुलिस को सिर्फ नशा करने वालों को ही नहीं पकड़ना है बल्कि उस आखिरी इंसान तक पहुंचना है जो नशा बेच रहा है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि नशे का सामान कहां से आ रहा है इसकी पूरी चेन को तोड़ना पुलिस की प्राथमिकता है चाहे इसमें कितना भी वक्त लगे।

आजकल बढ़ रही ऑनलाइन धोखाधड़ी साइबर फ्रॉड को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराध की सूचना मिलते ही तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए और कार्रवाई शुरू हो। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से हर इलाके में सुबह और शाम को चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं जिसकी निगरानी जिले के बड़े अधिकारी खुद करेंगे।
बैठक में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
