हरिद्वार। कनखल के गणपति धाम क्षेत्र में एक होटल कारोबारी ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय विशाल गोयल के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, विशाल पिछले काफी समय से पैसों की तंगी का सामना कर रहा था। वह किराए पर रेस्टोरेंट लेकर चला रहा था, लेकिन भारी किराया और लगातार हो रहे घाटे के कारण वह मानसिक रूप से काफी तनाव में था। परिजनों ने बताया कि विशाल पिछले एक हफ्ते से सिडकुल क्षेत्र में नौकरी की तलाश में भी भटक रहा था, लेकिन कहीं काम नहीं मिलने से वह और ज्यादा परेशान रहने लगा था। बताया जा रहा है कि साल 2021 में भी विशाल ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी, लेकिन तब उसे बचा लिया गया था। मामले की सूचना मिलने पर कनखल थाने के एसएसआई अनुज सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।




