अलग-अलग थाना क्षेत्र से दो किशोरी लापता, मामला दर्ज कर तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों मामलों में गुमशुदगी से संबंधित मुकदमे दर्ज कर तलाश अभियान शुरू कर दिया है। पहला मामला ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां एक व्यक्ति की 12 वर्षीय पुत्री संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गई। परिजनों के अनुसार 16 जून को किशोरी घर पर अकेली थी। कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो वह घर में नहीं मिली। आसपास और रिश्तेदारी में काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

वहीं दूसरा मामला रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है। यहां 16 वर्षीय किशोरी 14 जून की देर रात घर से निकल गई। सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए किशोरियों के संभावित ठिकानों, परिचितों और रिश्तेदारों से संपर्क कर जानकारी जुटा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की भी मदद ली जा रही है। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि दोनों किशोरियों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं और जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!