हरित भविष्य की ओर बढ़ी हरिद्वार पुलिस विश्व पर्यावरण दिवस पर SSP नवनीत सिंह के नेतृत्व में 200 से अधिक पौधों का रोपण

हरिद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूती से प्रदर्शित करते हुए पुलिस लाइन रोशनाबाद में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक पौधों का रोपण किया गया तथा हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया।

पौधारोपण करते एसएसपी नवनीत सिंह।

शुक्रवार को साप्ताहिक परेड के उपरांत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण करते एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह।

इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना पहला कदम है, जबकि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना हमारी वास्तविक जिम्मेदारी है।

पौधारोपण करती एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधे के संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है।

पौधारोपण करते सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। हरिद्वार पुलिस के इस अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!