दिलशाद अंसारी
पथरी क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी का पर्व बुधवार को हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के मुबारक मौके पर धनपुरा, घिस्सुपुरा, मुस्तफाबाद, पदार्था, फेरुपुर, नसीपुर कला, कटारपुर समेत दर्जनों गांवों से सैकड़ों अकीदतमंद चादर लेकर पैदल कलियर शरीफ के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्तेभर नात-ए-पाक और या रसूल अल्लाह के नारों से माहौल गूंजता रहा।फज्र की नमाज के बाद गांवों में कार्यक्रम शुरू हुए। मस्जिदों में नात-ख्वानी के बाद सुबह करीब नौ बजे अकीदतमंद सजी हुई चादरें लेकर जुलूस की शक्ल में रवाना हुए। जुलूस में बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में युवा और बच्चे भी शामिल रहे।जुलूस के धनपुरा पीठ बाजार पहुंचने पर बसपा नेता हाजी इरशाद अंसारी, बीडीसी सदस्य साजिद अंसारी, मुंशी शकील, विधायक अनुपमा रावत और जिला पंचायत सदस्य जयन्त चौहान समेत जनप्रतिनिधियों ने फूल बरसाकर और माला पहनाकर जायरीनों का स्वागत किया। स्थानीय दुकानदारों और जनप्रतिनिधियों की ओर से फल, पानी, समोसे और शरबत भी वितरित किया गया।पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पथरी पुलिस की ओर से जुलूस मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया। थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और पैदल गश्त की।हालांकि, जुलूस के दौरान फेरुपुर चौकी क्षेत्र में भारी वाहनों के संचालन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि हजारों की भीड़ के बीच तेज रफ्तार ट्रक और डंपर गुजरते रहे, जिससे हादसे का खतरा बना रहा। लोगों ने चौकी पुलिस से भारी वाहनों को रोकने की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।
इस मौके पर समाजसेवी मो. सलीम, अहसान, जाखिर, भूरा, गुलशनववर, इरशाद, पूर्व प्रधान सलीम अहमद, प्रधान प्रतिनिधि मो. तस्लीम, जुलकर अंसारी, रियासत अली, मुकेश कुमार सराय, सुरेश कुमार, ओमपाल, लोकेश कुमार, नितिन कुमार, प्रभुधुन, डॉ. अरुण बरनाला, अवनीश, मुस्तफा अंसारी, शादाब नेता, पूर्व प्रधान कालू हसन समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
