हरिद्वार। रेलवे रोड स्थित चित्रा टॉकीज के सामने दुकान पर करीब चार दशक से काबिज बलवीर सिंह चौहान ने दुकान के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद के संबंध में सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दूसरे पक्ष पर दुकान पर फर्जी तरीके से दावा करने और उसे खाली कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।शिकायत के मुताबिक, बलवीर सिंह वर्ष 1986 से तत्कालीन नगर पालिका के नियमों के तहत नाले के ऊपर बनी विस्थापित दुकान में किराएदार के रूप में कारोबार कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह लंबे समय से संबंधित कर भी जमा करते आ रहे हैं। हाल में नगर निगम में दस्तावेज जमा कराने के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से दुकान का वारिस होने का दावा किया गया।बलवीर सिंह का आरोप है कि दुकान खाली करने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है और इसके एवज में मोटी रकम की मांग की गई है। शिकायत में वर्ष 2010 में जारी एक डिमांड ड्राफ्ट की भी जांच कराने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने नगर निगम के अभिलेखों में अपना नाम यथावत रखने और दुकान पर कब्जा बरकरार रखने की मांग की है।नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी।
40 साल से दुकान पर काबिज किराएदार ने सीएम पोर्टल पर की शिकायत
