हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित म्युनिसिपल इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार पर प्रधानाचार्य पर ईंट-पत्थरों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में प्रधानाचार्य सुनील कुमार कटारिया के सिर, छाती, कंधे और हाथ में चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। प्रधानाचार्य की शिकायत पर ज्वालापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, प्रधानाचार्य सुनील कुमार कटारिया ने शिकायत में बताया कि 17 अक्तूबर को दोपहर के समय विद्यालय के मुख्य द्वार पर एक छात्र ने उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह घायल हो गए। शोर सुनकर विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया। आरोप है कि इसके बाद हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि प्रधानाचार्य की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
