हरिद्वार। जनपद में बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे राजस्व वसूली अभियान में अब सख्ती का असर साफ तौर पर नजर आने लगा है। मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वसूली अभियान को और तेज कर दिया है। राजस्व वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से डिवीजन स्तर पर एक्सईएन के नेतृत्व में टीमें लगातार फील्ड में उतरकर कार्रवाई कर रही हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को ज्वालापुर डिवीजन के एक्सईएन रवि कुमार के नेतृत्व में बहादराबाद सब डिवीजन क्षेत्र के ग्राम रोशनाबाद में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 45 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अन्य उपभोक्ताओं में भी बिल जमा करने को लेकर जागरूकता बढ़ी।

इस दौरान एसडीओ अक्षय कपिल और जेई शिवानी शर्मा के साथ लाइन स्टाफ की टीम भी मौके पर मौजूद रही। टीम ने घर-घर जाकर बकायेदारों से संपर्क किया और तत्काल भुगतान करने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी और मौके पर ही करीब 10 लाख रुपये से अधिक की राजस्व वसूली की गई।

एक्सईएन रवि कुमार ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बकाया न जमा करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
