किराये के कमरे में सड़ी-गली अवस्था में मिला बुजुर्ग का शव,शराब सेवन से मौत की आशंका

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र की सर्वप्रिय विहार कॉलोनी में गुरुवार को सनसनी फैल गई, जब एक किरायेदार बुजुर्ग का शव उसके कमरे के अंदर सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ। बदबू फैलने पर मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम भी कमरे के अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गई। अनुमान है कि मृतक की मौत लगभग 10 से 15 दिन पहले हुई है।जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जसवीर सिंह (59 वर्ष) पुत्र जसकरण सिंह, निवासी गांधीनगर दिल्ली के रूप में हुई है। जसवीर सिंह पिछले करीब दो वर्ष से सर्वप्रिय विहार कॉलोनी में अकेले रह रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 10-15 दिनों से उनका कमरा बंद था और उन्हें किसी ने भी आते-जाते नहीं देखा था।थानाध्यक्ष मनोहर रावत ने बताया कि गुरुवार की शाम कमरे से तेज बदबू फैलने पर मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब कमरे का दरवाजा खोला, तो पाया कि शव लगभग पूरी तरह सड़ चुका था और उस पर कीड़े चल रहे थे।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक जसवीर सिंह लगातार शराब का सेवन करते थे। पुलिस संभावना जता रही है कि उनकी मौत अधिक शराब सेवन या किसी बीमारी के कारण हुई होगी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!