हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो स्कूटी पर सवार छह बदमाशों ने दिनदहाड़े रास्ता रोककर युवकों पर लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी पहले दर्ज मुकदमे को वापस लेने का लगातार दबाव बना रहे थे। पुलिस ने नामजद समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ज्वालापुर के मोहल्ला कोटनिफ्स निवासी नेक मोहम्मद पुत्र असलम खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार को वह अपने मामा के बेटे अनस उर्फ अयान और एक दोस्त के साथ ग्राम जमालपुर कलां स्थित स्विमिंग पूल गया था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब तीनों वापस लौट रहे थे, तभी राजकीय विद्यालय के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दो स्कूटी पर पहुंचे छह युवकों में तीन नकाबपोश थे।

इनमें सुब्हान उर्फ असद पुत्र शाकिर खान निवासी पांवधोई ज्वालापुर, महरदद्दीन उर्फ भोलू निवासी धीरवाली और अमन पुत्र शकील निवासी अहबाब नगर को पहचान लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी नकाबपोश थे। आरोपियों ने पहले गाली-गलौच की और फिर लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

पीड़ित नेक मोहम्मद के मुताबिक हमले में उसके हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि अनस उर्फ अयान के हाथ, पैर और गर्दन के पास चोटें लगीं। जान बचाने के लिए दोनों को मौके से भागना पड़ा। आरोप है कि हमलावर पीछा करते हुए पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते रहे। शोर-शराबा सुनकर आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि इससे पहले भी जिम में मारपीट और धमकी देने का मुकदमा ज्वालापुर कोतवाली में दर्ज कराया गया था। उसी मामले में समझौते और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घायलों का उपचार सरकारी अस्पताल में कराया गया। पीड़ितों ने घटना की सीसीटीवी फुटेज और चोटों के फोटो भी पुलिस को सौंप दिए हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी जानलेवा हमला, फायरिंग और मारपीट के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, एसएसआई कनखल अनुज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और अज्ञात बदमाशों की शिनाख्त के प्रयास भी किए जा रहे
