प्लेटफॉर्म पर भीड़ में बिछड़ा बच्चा, जीआरपी टीम ने 24 घंटे में किया सकुशल बरामद

हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़े पांच वर्षीय बालक को जीआरपी हरिद्वार ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर सराहनीय कार्य किया है। जीआरपी की टीम ने बच्चे को हरियाणा के यमुनानगर जिले के जगाधरी क्षेत्र से खोज निकाला और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार पंजाब के मोहाली निवासी अनिकेत अपने पिता, पत्नी और छह बच्चों के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। दो जून को परिवार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर खड़ी हरिद्वार-अमृतसर एक्सप्रेस में सवार हो गया। इसी दौरान किसी यात्री ने उन्हें बताया कि यह ट्रेन चंडीगढ़ नहीं जाएगी। ट्रेन चलने से पहले परिवार जल्दबाजी में नीचे उतर गया, लेकिन भारी भीड़ के कारण उनका पांच वर्षीय पुत्र ट्रेन में ही छूट गया।

परिजनों की सूचना पर जीआरपी हरिद्वार ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के निर्देशन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। एक टीम को सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगाया गया, जबकि अन्य टीमों को उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में संभावित स्थानों पर तलाश के लिए रवाना किया गया। लगातार प्रयासों के बीच जगाधरी (यमुनानगर) पहुंची पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली और गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्चे को हरिद्वार लाकर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) रोशनाबाद के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं, सफल बरामदगी पर जीआरपी कप्तान अरुणा भारती ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी दी।

बरामदगी में शामिल पुलिस टीम:

उपनिरीक्षक तरन्नूम सईद

कांस्टेबल मंसूर अली

कांस्टेबल नैथानियल भट्टी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!