गंगा स्नान के लिए आए युवक को डूबा कर मारने का आरोप, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

हरिद्वार।हरियाणा के पलवल जिले की एक महिला द्वारा अपने बेटे की गंगा में डुबोकर हत्या किए जाने के आरोप के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मीरा देवी पत्नी बच्चू सिंह, निवासी मण्डकौला थाना पलवल (हरियाणा) ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 20 जून को उसका बेटा रोहित संदीप उर्फ तोता, मंगल तथा मंदिर श्रीधाम से जुड़े महाराज राम लखनदास सहित अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आया था। आरोप है कि सप्तऋषि आश्रम से परमार्थ घाट के बीच रोहित को जबरन गंगा में धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।महिला का कहना है कि यह घटना हादसा नहीं बल्कि पूर्व नियोजित साजिश थी। आरोप लगाया गया है कि रोहित मंदिर से जुड़ा लेखा-जोखा, देखरेख और लेन-देन का कार्य संभालता था। इसी को लेकर आरोपियों से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। महिला के अनुसार गलत गतिविधियों में सहयोग न करने के कारण आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।पीड़िता ने दावा किया है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उसके पास मौजूद है, जो कथित साजिश की पुष्टि करता है।

नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!