उधमसिंहनगर। जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में शनिवार को पुलिस की एक दबिश के दौरान हालात उस वक्त बिगड़ गए, जब एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और कोतवाली गेट पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं, मामले में एसएसपी ने चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी की तलाश में ग्राम सिद्धा नवदिया पहुंची थी। इसी दौरान घर पर मौजूद परिवारजनों से पूछताछ की गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की के दौरान 80 वर्षीय महिला जमीन पर गिर गईं, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही परिवार और आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग शव लेकर नानकमत्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया और कोतवाली का मुख्य गेट बंद करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान कई बार पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। इधर, मृतका के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी है और दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने तत्काल चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दे दिए हैं।
