हरिद्वार। ऊर्जा विभाग द्वारा राजस्व वसूली को लेकर चलाया जा रहा अभियान मंगलवार को पूरे जोर-शोर के साथ जारी रहा। 31 मार्च की रात तक डिवीजन व सब-डिवीजन स्तर की टीमें लगातार मैदान में डटी रहीं और बकायेदार उपभोक्ताओं से बिल जमा कराने में जुटी रहीं।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर मंगलवार सुबह से ही अलग-अलग टीमों को विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया था। इन टीमों ने दिनभर डोर-टू-डोर अभियान चलाकर बकाया बिलों की वसूली की और उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए प्रेरित किया।

अभियान की खास बात यह रही कि टीमें केवल दिन तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि देर रात तक भी सक्रिय रहकर राजस्व संग्रह का कार्य करती रहीं। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अभियान में भाग लिया।

इस सघन प्रयास का परिणाम यह रहा कि एक ही दिन में विभाग को कई लाखों रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार का कहना है कि राजस्व लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के पांच अप्रैल तक इसी तरह अभियान जारी रहेगा और बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

