श्यामपुर में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार की मौत, कई घायल

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंडी चौकी के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कांगड़ी की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान प्रवेश (40) निवासी चंडीघाट बस्ती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपनी पत्नी को कांगड़ी छोड़कर हरिद्वार की ओर कुछ सामान लेने जा रहे थे। जैसे ही वह चंडी चौकी के समीप पहुंचे, पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक नशे की हालत में था और वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और आगे चल रहे अन्य वाहनों से भी जा भिड़ी। इस दौरान दो कारें और कई दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और आरोपी चालक के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने पथराव भी कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है और उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी मनोहर भंडारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और घायलों का इलाज जारी है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!