कार्रवाई: लापता किशोरी की संदिग्ध मौत मामले में दोस्त गिरफ्तार, जांच में दुष्कर्म का खुलासा

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र से लापता हुई एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त ऋतिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में संदिग्ध जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद विसरा जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, मध्य हरिद्वार की एक कॉलोनी निवासी किशोरी 8 मई को ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने ज्वालापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शनिवार सुबह परिजन किशोरी को तलाश कर खुद कोतवाली लेकर पहुंचे। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने परिचित ऋतिक के साथ घूमने गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

फ़ाइल फोटो।

इसी बीच शनिवार देर रात किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और ऋतिक समेत अन्य युवकों पर गंभीर आरोप लगाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ऋतिक (19) निवासी लोधी समाज कनखल चौक, थाना कनखल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके यौन शोषण की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के पैनल ने शरीर में संदिग्ध जहर मिलने की पुष्टि की है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखकर एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!