हरिद्वार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हिल बाईपास रोड स्थित फ्लाईओवर के पास एक युवक को 10.32 ग्राम अवैध स्मैक (मॉर्फीन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस गश्ती दल को देखकर मौके से भागने लगा था, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। वहीं आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान हिल बाईपास फ्लाईओवर के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर अचानक पीछे मुड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने तत्काल पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10.32 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सूरज कुमार पुत्र राजेश दास निवासी बेतिया, बिहार हाल निवासी कबाड़ी बस्ती लालजीवाला, हरिद्वार के रूप में बताई। आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक खड़खड़ी क्षेत्र के शुभम उर्फ “जल्लाद” से बेचने के लिए लेकर आया था।

वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपी शुभम उर्फ़ जल्लाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस टीम में:-
प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा
उपनिरीक्षक नवीन नेगी
कांस्टेबल संदीप रावत
कांस्टेबल पवनीश कवि
