इंस्टाग्राम पर ‘दबदबा’ दिखाने वाले पिल्ला गैंग पर पुलिस का शिकंजा, नाबालिग समेत 4 हिरासत में

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर इलाके में दहशत फैलाने और छोटी-छोटी बातों पर युवकों के साथ मारपीट करने वाले तथाकथित “पिल्ला गैंग” पर हरिद्वार पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कनखल पुलिस ने नाबालिग समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंग के सदस्य इंस्टाग्राम पर कमेंट और क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने को लेकर युवाओं को निशाना बनाते थे। गैंग का नेटवर्क भूपतवाला से लेकर लक्सर तक फैला हुआ बताया जा रहा है। पुलिस अब तक इस गैंग से जुड़े 15 युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कनखल क्षेत्र में बढ़ रही मारपीट और गैंगबाजी की घटनाओं को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिसकर्मी कई दिनों से सादे कपड़ों में जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी कर रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर युवकों को धमकाते थे और इंस्टाग्राम पर हुए कमेंट या आपसी रंजिश को लेकर मारपीट करते थे। इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए गैंग के सदस्य समूह बनाकर घूमते थे, जिससे स्थानीय लोगों और युवाओं में भय का माहौल बन रहा था।

मामले की शुरुआत 10 अप्रैल को हुई, जब कनखल निवासी कुलदीप कुमार ने अपने पुत्र के साथ हुई मारपीट के संबंध में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा के खिलाफ एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। उस पर पैसे मांगने और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

ये आरोपी आए पकड़ में

एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों में एक नाबालिग के अलावा सक्षम उर्फ सावन निवासी विकास कॉलोनी पुराना रानीपुर मोड़, राजकुमार उर्फ जौंग निवासी जमालपुर और नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा निवासी जगजीतपुर शामिल हैं।

गुंडागर्दी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं: एसएसपी 

एसएसपी नवनीत सिंह ने साफ किया कि सोशल मीडिया की आड़ में गैंग बनाकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!