हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे बैठे दो कांवड़ियों पर अचानक भारी लोहे का चैनल (गाटर) गिर पड़ा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान तनुज (21) निवासी मुरादनगर और किशन (22) निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में थकान होने पर वे निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर के लिए बैठ गए। इसी दौरान वहां रखा भारी लोहे का चैनल अचानक अपनी जगह से खिसककर उनके ऊपर आ गिरा, जिससे दोनों बुरी तरह दब गए।
सूचना मिलते ही शांतरशाह चौकी और बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को मलबे के नीचे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद उनके साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों में मातम पसर गया और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का चैनल किसकी लापरवाही से रखा गया था तथा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। हादसे के सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
