ऋषिकेश। चारधाम यात्रा और वीकेंड पर उमड़ रही श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए शनिवार को एएसपी कोटद्वार मनोज ठाकुर स्वयं मैदान में उतरे और थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने यात्रा मार्गों, गंगा घाटों, प्रमुख पार्किंग स्थलों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील प्वाइंटों का स्थलीय जायजा लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रियों और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात व्यवस्था हर हाल में सुचारू बनी रहे।

वीकेंड के चलते बढ़ती भीड़ को देखते हुए घाट क्षेत्रों और बाजारों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एएसपी ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी पुलिस उपस्थिति बनाए रखी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। पुलिस टीमों को निर्देशित किया गया कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर तैनात कर्मियों को यात्रियों के साथ संयमित व्यवहार रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। चारधाम यात्रा के मद्देनजर लक्ष्मणझूला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद दिखाई दी।
