हरिद्वार। सिटी क्षेत्र के रानीपुर व सिडकुल थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग लूट की घटनाओं के बाद पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में बदमाशों ने राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी और वाहन लूट लिया। वहीं, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पहली घटना रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार ज्वालापुर के ब्रज विहार कॉलोनी सीतापुर निवासी सौरव सती शनिवार रात सिडकुल से अपने घर लौट रहे थे। बताया गया है कि जैसे ही वह चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास पहुंचे, तभी स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने सौरव को डराकर उनकी स्कूटी संख्या यूके08 एएस 7196, पांच हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इंस्पेक्टर रानीपुर मनोहर भंडारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रानीपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी वारदात सिडकुल थाना क्षेत्र के आईएमसी चौक के पास हुई। मध्य प्रदेश के शहडोल निवासी अंगद प्रसाद साहू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सिडकुल स्थित रॉयल साइन प्लास्टिक कंपनी में कार्यरत हैं और वर्तमान में नवोदय नगर में किराये पर रहते हैं। अंगद के मुताबिक 22 मई की रात वह ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि एक युवक ने उन्हें नीचे गिरा दिया और चाकू दिखाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। एसओ सिडकुल अजय शाह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

