हरिद्वार। मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर विद्युत विभाग ने ज्वालापुर क्षेत्र में शनिवार सुबह तड़के व्यापक चेकिंग अभियान चलाते हुए बिजली चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी प्रथम शिल्पी सैनी की अगुवाई वाली टीम ने विभिन्न इलाकों में निरीक्षण किया।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार सुबह एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी की अगुवाई में टीम ने ज्वालापुर के बाल्मीकि बस्ती, पीठ बाजार, चौहानान, सुभाष नगर तथा पांवधोई क्षेत्र में सघन चेकिंग की।

जांच के दौरान उन कनेक्शनों की विशेष रूप से पड़ताल की गई जिन्हें पूर्व में बकाया बिल के कारण काटा गया था। निरीक्षण में 14 लोग विद्युत चोरी करते हुए पाए गए। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वें वैध कनेक्शन के माध्यम से ही विद्युत का उपयोग करें तथा बकाया बिल समय पर जमा करें। अभियान के दौरान अवर अभियंता अक्षय कुमार सिंह, अवर अभियंता दीप्ति चौहान सहित लाइनमैन मोबिन, विक्रम, राहुल, नरेश, मनीष एवं शिव कुमार आदि मौजूद रहे।
