हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने देर रात जनपद में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई इंस्पेक्टर व थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अहम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, देहरादून से आए इंस्पेक्टर चंद्रभान अधिकारी को ज्वालापुर कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है, जबकि इंस्पेक्टर भगवान सिंह मेहर को कोतवाली मंगलौर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, मंगलौर से इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह को बहादराबाद स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा, भगवानपुर में तैनात एसएसआई अंकुर शर्मा को बुग्गावाला थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है। इंस्पेक्टर रितेश शाह को नगर कोतवाली से हटाकर भगवानपुर भेजा गया है, जबकि ज्वालापुर से इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा को नगर कोतवाली की कमान दी गई है। इंस्पेक्टर विजय सिंह को बहादराबाद से झबरेड़ा स्थानांतरित किया गया है। वहीं, गैर जनपद से हरिद्वार आए उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह मान को एसएसआई मंगलौर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
