भाजपा नेता अमित कुमार बिट्टू ने बाबा साहब को दी श्रद्धांजलि, विचारों को अपनाने का आह्वान
हरिद्वार। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सोमवार को विधानसभा ज्वालापुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में भाजपा नेता अमित कुमार बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

इस दौरान उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही फीता काटकर रैली का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में अमित कुमार बिट्टू ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समानता, न्याय और अधिकारों की जो मजबूत नींव रखी, वही आज देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।




