हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हज्जाबान में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब पूरा परिवार गर्मी के कारण घर की छत पर सोया हुआ था। इस वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
घटना बीती 20 मई की रात की है। मोहल्ला हज्जाबान निवासी इकरार अहमद का परिवार रात करीब 11 बजे छत पर सोने चला गया था। सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए, तो कमरों का नजारा देखकर दंग रह गए। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर से सोने के पेंडल, अंगूठियां, नोज पिन और भारी मात्रा में चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने बहन की शादी के लिए जमा किए गए 40,000 रुपये नकद भी साफ कर दिए हैं।इलाके के लोगों का कहना है कि मोहल्ला हज्जाबान में चोरों की सक्रियता बढ़ती जा रही है। कुछ समय पहले भी यहां कई घरों की छतों से एसी के आउटडोर यूनिट चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे क्षेत्र में काफी हड़कंप मचा था। अब इस ताजा बड़ी चोरी के बाद मोहल्ले के लोग रात में सोने से भी कतरा रहे हैं।वारदात की सूचना तुरंत 112 नंबर के जरिए पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पीड़ित इकरार अहमद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी है।
