लापता विवाहिता का शव आम के बाग में मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में घर से लापता चल रही एक विवाहिता का शव मंगलवार सुबह आम के बाग में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार प्रतीक अस्पताल के पीछे स्थित आम के बाग में स्थानीय लोगों ने एक महिला को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कनखल पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर उसकी पहचान निर्देश चौहान (35) पत्नी रवि चौहान निवासी जियापोता, कनखल के रूप में कराई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला सोमवार सुबह घर से बिना बताए चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था, जिस पर परिजनों ने कनखल कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के बाद महिला नाराज होकर घर से निकली थी। मंगलवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!