सोशल मीडिया पर पीएम व सीएम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी मामले में ‘अतीक अहमद’ गिरफ्तार

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी कर वीडियो प्रसारित करने के मामले में सिडकुल पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रोशनाबाद निवासी बिंदरपाल पुत्र चंद्रभान पाल ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री भारत सरकार और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के विरुद्ध आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान को सौंपी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो प्रसारित करने वाले आरोपी अतीक अहमद पुत्र शमशुल हसन निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल को हिरासत में ले लिया। एसओ अजय शाह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!