नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज के पास चला प्रशासन का पीला पंजा, 45 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां ध्वस्त!

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को जिला प्रशासन ने रेलवे प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (आंबेडकर चौक) के समीप रेलवे की भूमि पर वर्षों से अवैध रूप से बनाई गई झुग्गी-झोपड़ियों पर प्रशासन का पीला पंजा चला। संयुक्त अभियान के दौरान करीब 40 से 45 झुग्गी-झोपड़ियों को हटाकर रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त करते हुए भूमि को खाली कराया।

वर्तमान में चारधाम यात्रा जारी है, जबकि आगामी दिनों में कांवड़ मेला और वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले महाकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों को देखते हुए शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से प्रमुख मार्गों, सरकारी भूमि, सड़क किनारों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों से अवैध कब्जों को हटाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने अपनी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन से सहयोग मांगा था। इसके बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में रेलवे, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों को सरकारी भूमि पर पुनः कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से स्वयं सार्वजनिक और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की अपील भी की।

अभियान के दौरान सीओ सदर एसपी बलूनी, रेलवे डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार, रेलवे सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता, पटवारी रविकांत, एसएसआई रानीपुर नंद किशोर ग्वाडी सहित रेलवे, राजस्व तथा भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!