हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम के दौरान करंट लगने से 28 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को मेट्रो अस्पताल से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना पर चेतक पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच पड़ताल की। मृतक की पहचान अमित कुमार (28) पुत्र राम सुरेश चौधरी निवासी डबोली खुर्द, थाना लालगंज, जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रोशनाबाद, सिडकुल के रूप में हुई।जांच में सामने आया कि अमित कुमार सिडकुल स्थित साइनोकेम कंपनी के प्लांट-1 में इंसुलेशन का कार्य करता था। बुधवार को ड्यूटी के दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। कंपनी के इंजीनियर अजीत ठाकुर उसे तत्काल मेट्रो अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मौत करंट लगने से होना प्रतीत हो रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
