नशे की हालत में युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा, घंटों चला हंगामा

पथरी। क्षेत्र के ग्राम धनपुरा में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक के टॉवर पर चढ़ते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही फेरुपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घंटों में युवक को सकुशल टॉवर से नीचे उतारकर चौकी ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनपुरा निवासी युवक नशे के प्रभाव में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और काफी देर तक उत्पात मचाता रहा। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने समझा-बुझाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम ललित कुमार पुत्र कंवरपाल, निवासी धनपुरा बताया। पुलिस युवक से आवश्यक जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नशे का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। जगह-जगह शराब, स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है, जिससे नवयुवक नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं।
इस संबंध में पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि एक युवक नशे की हालत में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया था, जिसे पुलिस द्वारा सकुशल नीचे उतार लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!