कार्रवाई: युवकों ने भेल की सड़क को बनाया स्टंट ट्रैक, रानीपुर पुलिस ने कसा शिकंजा

हरिद्वार। बीएचईएल मध्य मार्ग पर बाइक से खतरनाक स्टंट करना और सड़क पर हुड़दंग मचाना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए रानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर स्टंटबाजी करने वाले दो बाइक चालकों समेत चार युवकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया, जबकि उनके साथ मौजूद दो युवकों का पुलिस अधिनियम के तहत चालान किया गया।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें कुछ युवक बीएचईएल मध्य मार्ग पर मोटरसाइकिलों से खतरनाक स्टंट करते और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आते ही एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में रानीपुर पुलिस ने जांच शुरू की और संबंधित युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि अभिषेक और फरहान अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों से सड़क पर स्टंट कर रहे थे, जबकि उनके साथी मनीष पाल और अनुज कुमार मौके पर हुड़दंगबाजी कर रहे थे। पुलिस ने यातायात नियमों और मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में दोनों मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया। इसके अलावा दोनों साथियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान करते हुए संयोजन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस ने सभी युवकों को भविष्य में इस प्रकार की खतरनाक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।

फ़ाइल फोटो: इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी।

प्रभारी निरीक्षक रानीपुर मनोहर भंडारी ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम नागरिकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस टीम:-

1. मनोहर सिंह भण्डारी, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली रानीपुर

2. ⁠व0उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाड़ी

3. ⁠हे0का0 गोपीचन्द पूनियाँ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!