हरिद्वार। ऊर्जा निगम द्वारा चलाए जा रहे स्मार्ट मीटर स्थापना अभियान को अब विभिन्न विभागों का भी सहयोग मिलने लगा है। मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत ज्वालापुर कोतवाली परिसर और पुलिस आवासों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए।
प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने स्वयं पहल करते हुए कोतवाली परिसर एवं आवासीय भवनों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने में सहयोग किया। मंगलवार को अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देशन में उपखंड अधिकारी शिल्पी सैनी एवं अवर अभियंता अक्षय चौहान के नेतृत्व में ऊर्जा निगम की टीम ने स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
इस दौरान ऊर्जा निगम अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों एवं अन्य उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता मोबाइल ऐप पर प्रति घंटे बिजली खपत की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही इससे बिलिंग व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सटीक होगी, जिससे उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
उपखंड अधिकारी शिल्पी सैनी और अवर अभियंता अक्षय चौहान ने उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्मार्ट मीटर के विभिन्न लाभों की जानकारी दी। ऊर्जा निगम की टीम ने मंगलवार को उपखंड क्षेत्र में कुल 29 स्मार्ट मीटर स्थापित किए। अवर अभियंता अक्षय चौहान ने कहा कि विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को आधुनिक, पारदर्शी और बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर स्थापना अभियान में सहयोग करने की अपील की।
