हरिद्वार। रोशनाबाद से लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी को सिडकुल पुलिस ने रुद्रपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने किशोरी को अपने कब्जे में रखने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसओ सिडकुल अजय शाह ने बताया कि 26 जून को रोशनाबाद निवासी 15 वर्षीय किशोरी अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की। उसकी बरामदगी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।

अपर उप निरीक्षक संजय चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने तलाश के दौरान रुद्रपुर से किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार किशोरी राहुल पुत्र राकेश निवासी ग्राम इक्कड़ कलां, थाना पथरी के कब्जे में मिली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, किशोरी को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
