हरिद्वार। श्रावण मास में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के उद्देश्य से कांवड़ सेवादल सीतापुर द्वारा आयोजित 42वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों को भोजन प्रसाद वितरित कर उनका स्वागत किया और सेवा कार्यों में सहयोग दिया।डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करना भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है। सेवा, समर्पण और श्रद्धा का यह संगम समाज में मानवता, सहयोग और धार्मिक आस्था को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों की सेवा कर उन्हें आत्मिक संतोष और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हुई।उन्होंने कांवड़ सेवादल सीतापुर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे सेवा शिविर कांवड़ यात्रा को सुचारु एवं श्रद्धामय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में नितिन चौहान, संजय गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, अंबरीश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कांवड़ सेवादल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
